फर्रुखाबाद, सिटी पत्रिका 24X7 16 मार्च 2026। जिला नगरीय विकास अभिकरण (डूडा) फर्रुखाबाद द्वारा संचालित प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के तहत सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान जनपद के 100 लाभार्थियों को जनप्रतिनिधियों द्वारा आवास के स्वीकृति पत्र वितरित किए गए।

कार्यक्रम के दौरान लखनऊ में आयोजित मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी देखा गया, जिसमें मुख्यमंत्री द्वारा प्रदेश के 90 हजार लाभार्थियों के खातों में सिंगल क्लिक के माध्यम से आवास योजना की पहली किश्त की धनराशि सीधे हस्तांतरित की गई। डूडा के अधिकारियों के अनुसार प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 की शुरुआत 1 सितम्बर 2024 से की गई है।

यह योजना आगामी पांच वर्षों यानी 2029 तक शहरी गरीब, निम्न एवं मध्यम आय वर्ग के परिवारों को पक्का आवास उपलब्ध कराने के उद्देश्य से चलाई जा रही है। योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को आवास निर्माण के लिए कुल ₹2.50 लाख की अनुदान राशि प्रदान की जाती है, जो तीन किश्तों में दी जाती है। इसमें पहली किश्त ₹1 लाख, दूसरी किश्त ₹1 लाख और तीसरी किश्त ₹50 हजार की होती है।कार्यक्रम के दौरान जनपद फर्रुखाबाद के 368 लाभार्थियों को प्रथम किश्त के रूप में कुल ₹3 करोड़ 68 लाख की धनराशि जारी की गई। इसकी सूचना लाभार्थियों को उनके पंजीकृत मोबाइल नंबर पर संदेश के माध्यम से प्राप्त हो रही है।डूडा विभाग के अनुसार प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के पहले चरण में जनपद के 11,514 लाभार्थियों को पक्का आवास उपलब्ध कराया जा चुका है।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष सुश्री मोनिका यादव, अमृतपुर विधायक सुशील शाक्य, जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी, जिला विकास अधिकारी श्याम कुमार तिवारी, उपजिलाधिकारी (न्यायिक)/परियोजना अधिकारी गजराज सिंह यादव, सीएलटीसी नितिन सक्सेना सहित डूडा के कर्मचारी उपस्थित रहे।



