फर्रुखाबाद। (सिटी पत्रिका 24X7): नवरात्रि के पावन पर्व को देखते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम दर्शन सुनिश्चित करने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक आरती सिंह द्वारा थाना मऊदरवाजा क्षेत्र के प्रमुख देवी मंदिरों और शक्तिपीठों का स्थलीय निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान एसपी ने मंदिर परिसरों में भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था और शांति व्यवस्था का गहन जायजा लिया। मंदिरों में लगे सीसीटीवी कैमरों के कंट्रोल रूम की भी जांच की गई और निर्देश दिए गए कि संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जाए। इसके साथ ही सादे कपड़ों में महिला पुलिसकर्मियों और एंटी-रोमियो स्क्वाड को मंदिरों के आसपास सक्रिय रहने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी प्रकार की अराजकता या छेड़छाड़ की घटनाओं पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।

पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने साफ कहा कि नवरात्रि के दौरान सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और हर स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।



