फर्रुखाबाद।(सिटी पत्रिका 24X7) जनपद में यातायात नियमों के पालन को लेकर प्रशासन एक्शन मोड में नजर आया। जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी एवं पुलिस अधीक्षक आरती सिंह स्वयं सड़क पर उतरे और छोटी जेल चौराहे पर विशेष अभियान चलाकर बिना हेलमेट वाहन चला रहे लोगों के चालान कटवाए।

अचानक शुरू हुए इस अभियान से वाहन चालकों में हड़कंप मच गया। डीएम और एसपी ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि यातायात नियमों का उल्लंघन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।अभियान के दौरान बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चला रहे लोगों को रोककर चालान किया गया, वहीं कई वाहन चालकों को मौके पर ही सख्त चेतावनी भी दी गई। अधिकारियों ने लोगों को समझाया कि हेलमेट न केवल नियम है, बल्कि जीवन की सुरक्षा के लिए बेहद जरूरी है।

जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा। वहीं एसपी आरती सिंह ने स्पष्ट किया कि नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की इस कार्रवाई से चौराहे पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा, लेकिन साथ ही लोगों में नियमों के प्रति जागरूकता भी देखने को मिली।



