
फर्रुखाबाद। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की महत्वपूर्ण बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात नियमों के प्रभावी क्रियान्वयन और पीड़ितों को त्वरित चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने पर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने मोटर व्हीकल एक्ट 1988 की धारा-19 के तहत यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के ड्राइविंग लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्रवाई सख्ती से करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही पुलिस विभाग एवं स्वास्थ्य विभाग को संयुक्त रूप से प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने तथा सड़क दुर्घटना मामलों में एम्बुलेंस रिस्पॉन्स टाइम कम करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए।

बैठक के दौरान सड़क दुर्घटना पीड़ितों के हित में एक अहम निर्णय लेते हुए “सड़क दुर्घटना पीड़ितों का नकदी रहित उपचार स्कीम 2025” का नाम परिवर्तित कर “प्रधानमंत्री राहत योजना” किए जाने की जानकारी दी गई, ताकि योजना की पहचान और प्रभावशीलता को और मजबूत किया जा सके।

जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करते हुए सड़क सुरक्षा मानकों को सख्ती से लागू करने और आमजन में जागरूकता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।



