
शमशाबाद (फर्रुखाबाद) सिटी पत्रिका 24X7:जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी आज पूरे एक्शन मोड में नजर आए। उन्होंने शमशाबाद क्षेत्र का सघन दौरा कर विकास खंड कार्यालय, नगर पंचायत और थाने का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने न केवल अभिलेखों की स्थिति देखी, बल्कि शासन की योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए अधिकारियों की क्लास भी लगाई।

विकास कार्यों में पारदर्शिता और तेजी लाने के निर्देश जिलाधिकारी ने सबसे पहले विकास खण्ड कार्यालय शमशाबाद का निरीक्षण किया। यहाँ उन्होंने कार्यालय की कार्यप्रणाली, अभिलेखों के रख-रखाव और जनसुनवाई रजिस्टर की बारीकी से समीक्षा की। जिलाधिकारी ने सख्त लहजे में कहा कि विकास कार्यों की प्रगति में कोई ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पात्र व्यक्ति तक पारदर्शी तरीके से पहुँचे।

सभी लंबित प्रकरणों का निस्तारण समयबद्ध सीमा के भीतर किया जाए। नगर पंचायत में स्वच्छता और पंजीकरण व्यवस्था पर जोर इसके पश्चात जिलाधिकारी नगर पंचायत शमसाबाद कार्यालय पहुँचे। यहाँ उन्होंने जन्म-मृत्यु पंजीकरण, स्वच्छता व्यवस्था और विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिशासी अधिकारी को निर्देश दिए कि नगर में साफ-सफाई की व्यवस्था चाक-चौबंद रहे और जनता से जुड़ी बुनियादी सुविधाओं में कोई कोताही न बरती जाए।

थाना शमसाबाद में सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा क्षेत्र की कानून व्यवस्था को परखने के लिए जिलाधिकारी ने थाना शमसाबाद का भी निरीक्षण किया। उन्होंने थाना परिसर, मालखाना, हवालात और महिला हेल्प डेस्क का जायजा लिया। जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने पुलिस कर्मियों को निर्देशित करते हुए कहा थाने आने वाले हर फरियादी की बात गंभीरता से सुनी जाए।

महिला सुरक्षा सर्वोपरि है; महिलाओं से संबंधित मामलों में संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित हो।क्षेत्र में गश्त बढ़ाई जाए और असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखी जाए। जिलाधिकारी के इस औचक निरीक्षण से प्रशासनिक अमले में हड़कंप मचा रहा। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कर दिया है कि शासन की मंशा के अनुरूप कार्य न करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।



