नई दिल्ली। सिटी (पत्रिका 24X7) अपनी जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वामी प्रसाद मौर्य के नेतृत्व में राजधानी के जंतर मंतर पर यूजीसी से जुड़े मुद्दों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया गया। लखनऊ में हुए आंदोलन के बाद अब दिल्ली में हुए इस प्रदर्शन ने व्यापक ध्यान आकर्षित किया।

इस दौरान पार्टी के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर एकजुटता का परिचय दिया। प्रदर्शनकारियों ने पिछड़े, दलित और वंचित वर्ग के छात्रों के अधिकारों के हनन का आरोप लगाते हुए अपनी आवाज बुलंद की और सरकार तक अपनी मांगें पहुंचाने की कोशिश की।

नेतृत्व कर रहे स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा कि यह आंदोलन सामाजिक न्याय और समान अवसर की लड़ाई का हिस्सा है, जिसे किसी भी हाल में कमजोर नहीं पड़ने दिया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं के जोश और समर्थन के लिए आभार जताते हुए कहा कि यह एकजुटता ही बदलाव की ताकत बनेगी। प्रदर्शन के दौरान शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगों को रखा गया। पार्टी नेताओं का कहना है कि जब तक छात्रों को उनका अधिकार नहीं मिल जाता, तब तक संघर्ष जारी रहेगा।



