
फर्रुखाबाद | सिटी पत्रिका 24X7 चैत्र माह की अष्टमी के पावन अवसर पर फर्रुखाबाद के बढ़पुर स्थित प्राचीन शीतला माता मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही मंदिर परिसर में भक्तों की लंबी-लंबी कतारें देखने को मिलीं। बड़ी संख्या में श्रद्धालु शीतला माता के दर्शन और पूजन-अर्चन के लिए मंदिर पहुंचे। मान्यता है कि चैत्र माह की अष्टमी के दिन शीतला माता को भोग-प्रसाद अर्पित करने से चर्म रोगों और चेचक जैसी बीमारियों से मुक्ति मिलती है। इसी आस्था के चलते दूर-दराज और अन्य जनपदों से भी श्रद्धालु यहां माता के दर्शन करने आते हैं।

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार सर्द ऋतु से ग्रीष्म ऋतु में होने वाले मौसम परिवर्तन के दौरान चेचक जैसी बीमारियों के फैलने की संभावना बढ़ जाती है। इसलिए इस दिन शीतला माता की पूजा का विशेष महत्व माना जाता है और भक्त माता से परिवार की सुख-समृद्धि और स्वास्थ्य की कामना करते हैं।बढ़पुर स्थित शीतला माता मंदिर काफी प्राचीन माना जाता है और हर वर्ष चैत्र अष्टमी के अवसर पर यहां विशाल संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। मंदिर परिसर में भक्ति और श्रद्धा का माहौल बना रहा तथा भक्तों ने माता के जयकारों के साथ पूजन-अर्चन किया।


