फर्रुखाबाद | सिटी पत्रिका 24X7। घरेलू गैस की किल्लत को लेकर जनपद में महिलाओं का गुस्सा अब सड़कों पर नजर आने लगा है। बुधवार को समाजवादी पार्टी की महिला सभा ने जिला कलेक्ट्रेट फतेहगढ़ में जोरदार प्रदर्शन कर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया।महिला सभा की जिलाध्यक्ष सुलक्षणा सिंह के नेतृत्व में बड़ी संख्या में महिलाएं खाली गैस सिलेंडर लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचीं और नारेबाजी करते हुए गैस की किल्लत व कालाबाजारी के खिलाफ आवाज उठाई।

प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने आरोप लगाया कि गैस एजेंसियों पर घंटों लाइन में लगने के बावजूद सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है, जिससे घर का चूल्हा जलाना मुश्किल हो गया है। उन्होंने कहा कि सरकार जमीनी हकीकत से दूर है और गैस संकट को नजरअंदाज कर रही है।

जिलाध्यक्ष सुलक्षणा सिंह ने तीखा बयान देते हुए कहा कि जिन लोगों के घर में महिलाएं नहीं हैं, वे महिलाओं की पीड़ा को नहीं समझ सकते। उन्होंने कहा कि धूप में खड़ी होकर सिलेंडर का इंतजार कर रही महिलाओं की परेशानी को नजरअंदाज करना सरकार की संवेदनहीनता को दर्शाता है।प्रदर्शन के दौरान “साइकिल सरकार बनानी है” और “हे नरेंद्र दे सिलेंडर” जैसे नारों से कलेक्ट्रेट परिसर गूंज उठा।इस मौके पर महानगर अध्यक्ष पूजा कठेरिया, लक्ष्मी राजपूत, नीलम चौहान, रूबी यादव, स्नेहलता, एडवोकेट अनीता सिंह, गीता और रीना राय समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहीं।


