फर्रुखाबाद।सिटी पत्रिका 24X7: पवित्र रमजान माह के अंतिम शुक्रवार को पढ़ी जाने वाली अलविदा की नमाज़ जिले भर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण तरीके से अदा की गई। नमाज़ को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया और जगह-जगह पुलिस बल की तैनाती की गई।जिलाधिकारी डॉ. आशुतोष कुमार द्विवेदी एवं पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने शहर के प्रमुख क्षेत्रों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों ने मस्जिदों के आसपास की व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए पुलिस बल को सतर्क रहने के निर्देश दिए।

अलविदा की नमाज़ के दौरान मस्जिदों के आसपास भारी पुलिस बल तैनात रहा। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कई स्थानों पर ड्रोन कैमरों के माध्यम से निगरानी की गई, जिससे किसी भी प्रकार की अव्यवस्था पर तुरंत नजर रखी जा सके।जिले की सभी मस्जिदों में अकीदतमंदों ने बड़ी संख्या में पहुंचकर अलविदा की नमाज़ अदा की और अमन-चैन तथा देश-दुनिया की खुशहाली के लिए दुआएं मांगीं। प्रशासन और पुलिस की सतर्क निगरानी के बीच पूरे जिले में नमाज़ सकुशल और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।



