
फर्रुखाबाद (सिटी पत्रिका 24X7)।जनपद में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से फतेहगढ़ पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने थाना कम्पिल और कोतवाली कायमगंज का वार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाने की साफ-सफाई, अभिलेखों के रख-रखाव सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान एसपी ने मिशन शक्ति केंद्र, CCTNS कार्यालय, हवालात, मैस और बैरकों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की स्थिति देखी और आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने अभिलेखों के सही रख-रखाव और थाने की कार्यप्रणाली को और बेहतर बनाने पर जोर दिया।


इसके साथ ही पुलिस अधीक्षक ने थाना क्षेत्र में चिन्हित हिस्ट्रीशीटर (HS), सक्रिय अपराधियों और टॉप-10 अपराधियों के बारे में विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों को अपराध नियंत्रण के लिए सतर्कता बरतने और प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।एसपी आरती सिंह ने पुलिसकर्मियों को बीट प्रणाली को मजबूत करने तथा यक्ष ऐप के प्रभावी उपयोग के संबंध में भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और अपराध पर नियंत्रण के लिए पुलिस को सक्रिय रहकर कार्य करना होगा।

निरीक्षण के दौरान थाने के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे और उन्हें जनसुनवाई को प्राथमिकता देने तथा आमजन के साथ बेहतर संवाद बनाए रखने की भी हिदायत दी गई।


