
फर्रुखाबाद | City Patrika 24×7 राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के अंतर्गत स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती देने की दिशा में फर्रुखाबाद में अहम कदम उठाया गया। कलेक्ट्रेट सभागार फतेहगढ़ में आयोजित कार्यक्रम के दौरान चयनित संविदा चिकित्सकों एवं कोविड-19 से जुड़े कर्मचारियों को औपचारिक रूप से नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए।

कार्यक्रम में मौजूद सांसद मुकेश राजपूत, जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी और पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने संविदा आधार पर चयनित चिकित्सकों रोहित तिवारी, यशराज सिंह भदौरिया, तान्या राठौर तथा प्रदीप कुमार को नियुक्ति पत्र सौंपकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इसी क्रम में कोविड काल में सेवाएं दे चुके 35 कर्मियों को वार्ड बॉय, आया, स्वीपर और तकनीशियन जैसे पदों पर समायोजित किया गया। सभी कर्मियों को उनके पद के अनुरूप नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए।

इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, नगर मजिस्ट्रेट संजय बंसल समेत प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने कहा कि नए स्वास्थ्य कर्मियों की तैनाती से जिले में चिकित्सा सुविधाएं और अधिक प्रभावी होंगी।



