फर्रुखाबाद।सिटी पत्रिका 24X7: जनपद में अर्ली चाइल्डहुड केयर एंड एजुकेशन (ECC) एजुकेटर के 106 पदों पर चल रही भर्ती प्रक्रिया के तहत साक्षात्कार का क्रम जारी है। शुक्रवार को विकास भवन में छठे दिन 313 अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए बुलाया गया, जिनमें से 153 अभ्यर्थी उपस्थित हुए जबकि 160 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। कई अभ्यर्थी दूर-दराज के जिलों से भी इंटरव्यू देने के लिए पहुंचे। साक्षात्कार प्रक्रिया के लिए गठित चयन समिति में मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, बेसिक शिक्षा अधिकारी विश्वनाथ प्रताप सिंह, जिला प्रोवेशन अधिकारी अनिल चंद्रा, डायट प्राचार्य, वित्त एवं लेखाधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी और जिला सेवायोजन अधिकारी शामिल रहे। अधिकारियों के अनुसार 106 पदों के लिए कुल 1231 अभ्यर्थियों को साक्षात्कार हेतु कॉल और मैसेज के माध्यम से सूचना दी जा चुकी है। इनमें से अब तक 801 अभ्यर्थी साक्षात्कार में शामिल हो चुके हैं, जबकि 430 अभ्यर्थी किसी न किसी कारण से उपस्थित नहीं हो पाए हैं। मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़ ने बताया कि जो अभ्यर्थी अब तक साक्षात्कार में शामिल नहीं हो सके हैं, उन्हें एक और अवसर दिया जा रहा है। ऐसे सभी अभ्यर्थी 16 मार्च (सोमवार) को विकास भवन पहुंचकर अपना साक्षात्कार दे सकते हैं।वहीं बेसिक शिक्षा अधिकारी विश्वनाथ प्रताप सिंह ने बताया कि सभी अभ्यर्थियों को अवसर देने के उद्देश्य से छूटे हुए उम्मीदवारों को दोबारा कॉल और मैसेज के माध्यम से सूचना भेजी जाएगी। 16 मार्च को आयोजित होने वाला साक्षात्कार ऐसे सभी अभ्यर्थियों के लिए अंतिम मौका होगा।



