
जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने मौके पर पहुंचकर संभाला मोर्चा, घायलों का कराया त्वरित इलाज
रिपोर्ट: तालिब मंसूरी
फर्रुखाबाद जनपद के थाना कादरीगेट क्षेत्रान्तर्गत इटावा-बरेली हाईवे पर शारदा कोल्ड स्टोर के पास मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार डीसीएम और अल्टो कार की आमने-सामने की जोरदार टक्कर में कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से क्षतिग्रस्त हो गए और हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई।

हादसे की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी फर्रुखाबाद एवं पुलिस अधीक्षक फतेहगढ़ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने पुलिस बल के साथ मिलकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया और घायलों को शीघ्र एंबुलेंस के माध्यम से डॉ. राममनोहर लोहिया जिला अस्पताल भिजवाया।
जिला अस्पताल पहुंचकर जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी व पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने घायलों का हाल-चाल जाना और चिकित्सकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी घायलों का समुचित, त्वरित एवं बेहतर उपचार सुनिश्चित किया जाए। गंभीर रूप से घायलों की लगातार निगरानी के भी निर्देश दिए गए।
दुर्घटना के बाद कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात बाधित रहा, जिसे पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए नियंत्रित कराया। पुलिस द्वारा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है, वहीं क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सामान्य कराया गया।


