
फर्रुखाबाद।थाना मऊदरवाजा क्षेत्र में व्यापारियों पर दर्ज किए गए कथित फर्जी मुकदमे को लेकर व्यापार मंडल में आक्रोश व्याप्त है। सोमवार को उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल (मिश्रा गुट) के पदाधिकारियों ने पुलिस अधीक्षक फतेहगढ़, फर्रुखाबाद को ज्ञापन सौंपते हुए मुकदमा अपराध संख्या 0046/26 को तत्काल समाप्त करने तथा बजरिया चौकी इंचार्ज पर कार्रवाई कर हटाने की मांग की।ज्ञापन में बताया गया कि दिनांक 1 फरवरी 2026 को थाना मऊदरवाजा में व्यापारियों के विरुद्ध धारा 191(2), 191(3), 190, 223, 287 के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया, जिसे व्यापारियों ने पूरी तरह फर्जी व दुर्भावनापूर्ण बताया है।

व्यापार मंडल का आरोप है कि इससे पूर्व उन्होंने बजरिया चौकी इंचार्ज एवं एक सिपाही पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर जांच की मांग की थी। साथ ही चेतावनी दी गई थी कि यदि एक सप्ताह में कार्रवाई नहीं हुई तो शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।व्यापारियों के अनुसार, निर्धारित समय में कोई कार्रवाई न होने पर शांतिपूर्ण मशाल जुलूस निकाला गया, जिसमें न तो कानून-व्यवस्था बिगड़ी और न ही किसी प्रकार की अफरा-तफरी, भगदड़ या दुकान बंद होने की स्थिति उत्पन्न हुई। स्थानीय व्यापारियों एवं क्षेत्रीय जनता से इसकी पुष्टि कराई जा सकती है।
ज्ञापन में यह भी कहा गया कि फर्रुखाबाद में पूर्व में कई बार राजनीतिक दलों एवं विभिन्न संगठनों द्वारा मशाल जुलूस निकाले गए हैं, लेकिन कभी भी इस प्रकार के मुकदमे दर्ज नहीं किए गए। व्यापार मंडल का आरोप है कि चूंकि यह मशाल जुलूस पुलिस में कथित भ्रष्टाचार के विरोध में था, इसलिए बदनामी के भय और भविष्य में कोई आवाज न उठा सके, इस उद्देश्य से जल्दबाजी में फर्जी मुकदमा दर्ज कर दिया गया। मुकदमे में 15 नामजद तथा 5–7 अज्ञात व्यापारी दर्शाए गए हैं।
व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने कहा कि प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री द्वारा भ्रष्टाचार के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई गई है। ऐसे में भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने वालों पर मुकदमा दर्ज करना मुख्यमंत्री के निर्देशों की अवहेलना है। यदि इस प्रकार की कार्रवाई होती रही तो कोई भी व्यक्ति भ्रष्टाचार के विरुद्ध बोलने का साहस नहीं कर पाएगा, जिससे भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिलेगा।व्यापारियों ने चेतावनी दी कि यदि यह मुकदमा वापस नहीं लिया गया तो उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के नेतृत्व में प्रदेशव्यापी आंदोलन किया जाएगा। साथ ही प्रदेश के प्रत्येक जिले में जिला अधिकारी के माध्यम से माननीय मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा जाएगा।
ज्ञापन पर जिला अध्यक्ष सदानंद शुक्ला, जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष अनिल कुमार कनौजिया लालू, जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजू गौतम, नगर अध्यक्ष हाजी मो. इखलाक खान, नगर महामंत्री राकेश सक्सेना, नगर संयुक्त महामंत्री रामजी पाठक, जिला महिला अध्यक्ष सोनी शुक्ला, नगर चेयरमैन सरदार जगदीप सिंह छाबड़ा, नगर प्रभारी ठाकुर सर्वेंद्र सिंह, मनोज कुमार, नगर अध्यक्ष इलेक्ट्रॉनिक एसोसिएशन अरुण अग्निहोत्री, नगर अध्यक्ष उद्योग मंच डॉ. महेंद्र कुमार श्रीवास्तव, अध्यक्ष अंगूरी बाग सहित अन्य व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारियों के हस्ताक्षर मौजूद रहे।


