फतेहगढ़/फर्रुखाबाद सिटी पत्रिका 24X7। रामनवमी के अवसर पर निकलने वाली भव्य शोभायात्रा की तैयारियों को लेकर फतेहगढ़ के बनखड़िया स्थित दुर्गा मंदिर में श्री रामलीला परिषद की ओर से एक बैठक आयोजित की गई। बैठक सभासद अनिल तिवारी के नेतृत्व में संपन्न हुई, जिसमें परिषद के पदाधिकारियों और क्षेत्र के लोगों ने भाग लेकर कार्यक्रम की रूपरेखा पर चर्चा की।
बैठक की अध्यक्षता परिषद के अध्यक्ष अधिवक्ता रविश द्विवेदी ने की। उन्होंने बताया कि इस वर्ष 27 मार्च को रामनवमी का पर्व नगर में पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया जाएगा। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 11 बजे पुरानी सब्जी मंडी स्थित रामनिवास मंदिर में हवन-पूजन से होगी। यह हवन आचार्य दिनेश चंद्र तिवारी द्वारा विधि-विधान से संपन्न कराया जाएगा।
इसके बाद शाम के समय फतेहगढ़ के छोटी जेल चौराहे से भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा में भगवान राम, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न और मां दुर्गा की आकर्षक झांकियां शामिल होंगी, जो नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरेंगी।परिषद के संरक्षक मुन्ना लाल वार्ष्णेय ने कहा कि फतेहगढ़ की आबादी लगातार बढ़ रही है, इसलिए व्यवस्थाओं को ध्यान में रखते हुए इस बार भी शोभायात्रा छोटी जेल चौराहे से ही प्रारंभ की जाएगी।
बैठक में मौजूद बनखड़िया क्षेत्र के श्रद्धालुओं ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पूरा सहयोग देने का आश्वासन दिया।इस दौरान पंकज अग्रवाल, अतुल मिश्रा, पंकज प्रकाश, चमन टंडन, श्रवण कुमार, अवनींद्र सक्सेना, राम बाबू, शिवम दुबे सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।



