फर्रुखाबाद/फतेहगढ़।(सिटी पत्रिका 24X7) महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को समर्पित प्रदेश सरकार के महत्वाकांक्षी अभियान मिशन शक्ति 5.0 के द्वितीय चरण का जनपद में भव्य शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने स्कूटी रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

रैली का उद्देश्य महिलाओं में जागरूकता फैलाना, उनके अधिकारों की जानकारी देना और समाज में सुरक्षा के प्रति विश्वास को मजबूत करना रहा। स्कूटी रैली में महिला पुलिसकर्मियों सहित विभिन्न विभागों की प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से महिलाओं को न केवल सुरक्षा का एहसास कराया जा रहा है, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए भी प्रेरित किया जा रहा है।

रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी, जहां लोगों को महिला सुरक्षा से जुड़े संदेश दिए गए। इस दौरान आमजन से भी महिलाओं के प्रति सम्मानजनक व्यवहार अपनाने और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचित करने की अपील की गई।प्रशासन ने बताया कि मिशन शक्ति 5.0 के तहत जनपद में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम, शिविर और अभियान लगातार चलाए जाएंगे, ताकि महिलाओं को सुरक्षित और सशक्त वातावरण प्रदान किया जा सके।



