
सिटी पत्रिका 24X7 डिजिटल न्यूज़ नेटवर्क | संपादक तालिब मंसूरी
महोबाउत्तर प्रदेश के महोबा जिले में शुक्रवार को उस समय राजनीतिक हलचल तेज हो गई, जब चरखारी से बीजेपी विधायक बृजभूषण राजपूत उर्फ गुड्डू भैया ने प्रदेश सरकार के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह का काफिला रोक लिया। यह घटना रामश्री महाविद्यालय के पास की बताई जा रही है, जहां मंत्री एक कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रहे थे।

जानकारी के अनुसार जल मंत्री स्वतंत्र देव सिंह युवा उद्घोष कार्यक्रम में भाग लेकर वापस जा रहे थे। इसी दौरान विधायक बृजभूषण राजपूत अपने समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचे और उन्होंने अपने विधानसभा क्षेत्र में सड़कों की बदहाल स्थिति और जल जीवन मिशन के कार्यों में लापरवाही का मुद्दा उठाया।

सड़कों की खुदाई और अधूरे कार्यों पर जताई नाराजगी
विधायक ने आरोप लगाया कि जल जीवन मिशन के तहत कई गांवों में पाइपलाइन बिछाने के लिए सड़कों को खोद दिया गया, लेकिन बाद में उनकी मरम्मत नहीं कराई गई। इससे ग्रामीणों को रोजाना आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने मंत्री से तत्काल कार्रवाई की मांग की।

पुलिस से नोकझोंक, कुछ देर अफरा-तफरीमौके पर मौजूद सीओ सदर और कोतवाली पुलिस ने स्थिति को संभालने की कोशिश की, लेकिन समर्थकों की नाराजगी बढ़ती चली गई। कुछ देर के लिए धक्का-मुक्की और अफरा-तफरी का माहौल भी बन गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार इस दौरान मंत्री और विधायक के बीच भी तीखी बहस हुई।हालांकि बाद में प्रशासनिक अधिकारियों के हस्तक्षेप से स्थिति सामान्य हुई और मंत्री का काफिला आगे के लिए रवाना हो सका।

चरखारी से विधायक हैं बृजभूषण राजपूतगौरतलब है कि बृजभूषण राजपूत उर्फ गुड्डू भैया महोबा जिले की चरखारी विधानसभा सीट से बीजेपी विधायक हैं। वह इससे पहले भी क्षेत्र की समस्याओं को लेकर मुखर रहे हैं।


