फर्रुखाबाद।सिटी पत्रिका 24X7 जनपद में आवश्यक पेट्रोलियम पदार्थों की उपलब्धता और आपूर्ति व्यवस्था का जायजा लेने के लिए गुरुवार को जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी और पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने गैस एजेंसियों और पेट्रोल पंपों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने व्यवस्थाओं की गहन पड़ताल करते हुए संबंधित संचालकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।निरीक्षण के क्रम में डीएम और एसपी ने बलराम गैस एजेंसी, जितेंद्र गैस सर्विस तथा राधाकृष्ण फीलिंग स्टेशन का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने गैस एजेंसियों पर घरेलू गैस सिलेंडर की उपलब्धता की स्थिति की जानकारी ली और बुकिंग से लेकर उपभोक्ताओं तक गैस की डिलीवरी में लगने वाले समय के बारे में एजेंसी संचालकों से विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
डीएम ने निर्देश देते हुए कहा कि उपभोक्ताओं को समयबद्ध तरीके से गैस की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए और किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।इसके बाद अधिकारियों ने राधाकृष्ण फिलिंग स्टेशन पर पेट्रोल और डीजल के उपलब्ध स्टॉक की जांच की। साथ ही पेट्रोल पंप संचालकों को सख्त निर्देश दिए कि सड़क सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन कराया जाए और बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चालकों को पेट्रोल न दिया जाए।
निरीक्षण के दौरान बिना हेलमेट मोटरसाइकिल चलाते पाए गए कुछ चालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उनका चालान भी किया गया। साथ ही वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया गया।अधिकारियों ने बताया कि जनपद में पेट्रोलियम पदार्थों की पर्याप्त उपलब्धता है और आमजन को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी। इस मौके पर जिला पूर्ति अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे।



