फर्रुखाबाद सिटी पत्रिका 24X7 14 मार्च शनिवार।जनपद में पुलिस उपनिरीक्षक भर्ती की लिखित परीक्षा शनिवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हो गई। परीक्षा को पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं। जिले में बनाए गए 19 परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की सघन जांच के बाद ही प्रवेश दिया गया।शनिवार सुबह से ही परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की भीड़ देखने को मिली। सुबह 8 बजे से प्रवेश प्रक्रिया शुरू हुई, जो 9 बजे तक जारी रही। इस दौरान मेटल डिटेक्टर से जांच के साथ बायोमेट्रिक सत्यापन की प्रक्रिया भी कराई गई। सुरक्षा के लिहाज से अभ्यर्थियों को पानी की बोतल, गले की चेन और अन्य अनावश्यक वस्तुएं परीक्षा केंद्र के अंदर ले जाने की अनुमति नहीं दी गई।

पुलिस उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा 14 और 15 मार्च को दो पालियों में आयोजित की जा रही है। शनिवार को पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित हुई, जबकि दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक होगी। प्रत्येक पाली में 5,520 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। दोनों दिनों को मिलाकर कुल 22,080 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे।परीक्षा देने के लिए कई अभ्यर्थी शुक्रवार रात से ही फर्रुखाबाद पहुंच गए थे। ललितपुर, झांसी, आगरा और मथुरा सहित विभिन्न जिलों से आए अभ्यर्थी सुबह 7 बजे से ही केंद्रों पर पहुंचकर लाइन में लग गए। आगरा से आए अभ्यर्थी कुलदीप ने बताया कि वे रात में ही शहर पहुंच गए थे और सुबह जल्दी केंद्र पर पहुंचकर प्रवेश प्रक्रिया पूरी की। वहीं झांसी से आए एक अन्य अभ्यर्थी ने बताया कि वे धर्मशाला में ठहरकर सुबह परीक्षा केंद्र पहुंचे और अपनी तैयारी को लेकर आत्मविश्वास जताया।
परीक्षा को निष्पक्ष और सुरक्षित बनाने के लिए प्रशासन ने सख्त व्यवस्था की है। जिलाधिकारी के निर्देश पर सभी परीक्षा केंद्रों पर स्टेटिक और सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। करीब 500 पुलिसकर्मी सुरक्षा व्यवस्था में लगाए गए हैं, जिनमें क्षेत्राधिकारी, निरीक्षक, उपनिरीक्षक और महिला-पुरुष आरक्षी शामिल हैं।
इसके अलावा 460 कक्ष निरीक्षक और 65 सहयोगी कक्ष निरीक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है। परीक्षा केंद्रों की निगरानी के लिए 300 से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जबकि पुलिस लाइन में कंट्रोल रूम स्थापित कर पूरे परीक्षा संचालन पर नजर रखी जा रही है। प्रशासन का कहना है कि परीक्षा को पूरी तरह पारदर्शी और नकलविहीन बनाने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए गए हैं, ताकि भर्ती प्रक्रिया निष्पक्ष रूप से संपन्न हो सके।



