
फर्रुखाबाद। सिटी पत्रिका 24X7 रिपोर्ट तालिब मंसूरी
फर्रुखाबाद क्षेत्र में हर साल तबाही मचाने वाली बाढ़ की समस्या से स्थायी निजात पाने के लिए अब आर-पार की लड़ाई का मन बना लिया गया है। ‘तटबंध बनाओ जन संघर्ष समिति’ के बैनर तले आगामी 11 फरवरी से पांच दिवसीय विशाल पदयात्रा का आगाज होने जा रहा है। यह यात्रा न केवल तटबंध निर्माण की मांग को बुलंद करेगी, बल्कि शासन-प्रशासन को सोते से जगाने का काम भी करेगी।

कढ़हर से शुरू होगा पदयात्रा का कारवां
समिति के अध्यक्ष भईयन मिश्रा के नेतृत्व में यह जन चेतना पदयात्रा बुधवार, 11 फरवरी को सुबह 11 बजे कढ़हर से प्रस्थान करेगी। पांच दिनों तक चलने वाली यह यात्रा विभिन्न गांवों से गुजरते हुए बदायूं जिले के अतेना घाट तक जाएगी।
पहले दिन का रूट: कढ़हर से शुरू होकर यात्रा सरी सवासी, खुटिया, बारा खेड़ा अंतर, अर्जुनपुर, ज्ञानपुर और सलेमपुर होते हुए भरका पहुंचेगी, जहां रात्रि विश्राम होगा।
दूसरे दिन की डगर: 12 फरवरी को यात्रा भरका से तारापुर, चाचूपुर, जमापुर, गोटिया, इमादपुर, रामपुर और जोगराजपुर होते हुए अलीगढ़ तिराहे पर डेरा डालेगी।
मुख्यमंत्री के नाम सौंपा जाएगा ज्ञापन
बाढ़ की विभीषिका झेल रहे ग्रामीणों के दर्द को सरकार तक पहुंचाने के लिए एसडीएम अमृतपुर के माध्यम से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को एक विस्तृत ज्ञापन भेजा जाएगा। इस मांग का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में स्थायी तटबंध का निर्माण सुनिश्चित करना है, ताकि किसानों की फसलें और ग्रामीणों के आशियाने सुरक्षित रह सकें।
क्षेत्रीय दिग्गजों ने संभाली कमान
इस आंदोलन को सफल बनाने के लिए व्यापक स्तर पर जनसंपर्क जारी है। राष्ट्रीय बजरंग दल के विभाग अध्यक्ष कोमल पांडे और हाईकोर्ट अधिवक्ता राजीव प्रताप सिंह जैसे प्रमुख चेहरे इस मुहिम को कानूनी और सामाजिक मजबूती दे रहे हैं। साथ ही नितेश मिश्रा, अनूप प्रधान, अनमोल अग्निहोत्री और दारापुर, बहादुरपुर व बदनपुर के ग्राम प्रधान घर-घर जाकर लोगों को इस यात्रा से जुड़ने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।


