
फर्रुखाबाद। शहर के मऊदरवाजा थाना क्षेत्र में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहाँ मामूली विवाद के चलते एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए घटना के चंद घंटों के भीतर ही हत्यारे को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है।

क्या है पूरा मामला जानकारी के मुताबिक, थाना मऊदरवाजा के ग्राम गंगोंली में रहने वाले राजेश उर्फ पप्पू (पुत्र शीशराम कनौजिया) का अपने पड़ोसी कमलेश कनौजिया के परिवार से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। गुस्साए राजेश ने कमलेश के 20 वर्षीय बेटे वैभव पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में वैभव गंभीर रूप से लहूलुहान हो गया। आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई हत्या की सूचना मिलते ही थाना अध्यक्ष अजब सिंह की टीम सक्रिय हो गई। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी राजेश उर्फ पप्पू को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया धारदार हथियार भी बरामद कर लिया है। पुलिस द्वारा चालान पेश किए जाने पर अदालत ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।



