
फर्रुखाबाद (सिटी पत्रिका 24X7) गंगा-जमुनी तहजीब के केंद्र फर्रुखाबाद में इस वर्ष भी नवाब मोहम्मद खा बंगश वेलफेयर सोसाइटी एवं सद्भावना मंच द्वारा सार्वजनिक रूप से होली मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। शहर के ऐतिहासिक त्रिपोलिया चौक पर आयोजित इस कार्यक्रम में नवाबी काल से चली आ रही सौहार्द की उस परंपरा की झलक देखने को मिली, जो सदियों से इस शहर की पहचान रही है।

समारोह के दौरान नवाब मोहम्मद खा बंगश वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष नवाब काज़िम हुसैन ने बताया कि त्रिपोलिया चौक पर होली मिलने की यह परंपरा सैकड़ों वर्ष पुरानी है। इसकी शुरुआत नवाबी शासन काल में हुई थी, जब शहर के सभी वर्गों और समुदायों के लोग एक साथ एकत्र होकर होली की खुशियाँ मनाते थे और एक-दूसरे को गले लगकर बधाई देते थे।

बार असोसिएशन उपाध्यक्ष व महासचिव एड0 सलीम राजा ने बताया सोसाइटी पिछले कई दशकों से इस गौरवशाली परंपरा को पूरी श्रद्धा के साथ जीवित रखे हुए है। हिंदू-मुस्लिम एकता की मिसाल समारोह में समाज के हर तबके के लोगों ने शिरकत की।

इतिहासकार डॉ. राम कृष्ण राजपूत ने बताया यह कार्यक्रम हमारी नवाबी काल की गौरवशाली विरासत है। त्रिपोलिया चौक का यह मिलन हमें अपनी साझा संस्कृति और आपसी प्रेम की याद दिलाता है। सद्भावना मंच के अध्यक्ष डॉ. मोहम्मद मोहसिन ने बताया होली का रंग भेदभाव नहीं जानता। दशकों से चली आ रही यह परंपरा शहर की गंगा-जमुनी तहजीब और भाईचारे को और मजबूत करती है।

भाईचारे, एकता और मेल-मिलाप के इस उत्सव में बुजुर्गों से लेकर युवाओं तक ने उत्साह दिखाया। इस अवसर पर वरिष्ठ समाजसेवियों और बुद्धिजीवियों ने एक स्वर में कहा कि ऐसे आयोजन समाज में आपसी विश्वास और प्रेम को और मजबूत करते हैं। कार्यक्रम में मुख्य रूप से हुसैन मोहम्मद खाँ (बुजुर्ग समाजसेवी),डॉ. जिहमत मोहम्मद खाँ,अनिल कुमार दीक्षित,रवींद्र भदौरिया (वरिष्ठ पत्रकार),डॉ. रामकृष्ण राजपूत,मोहम्मद युसूफ खाँ (हथियापुर),मो. नासिर खाँयश बुद्धिया, संजय गर्ग, शौर्य दुबे, प्रणव अवस्थी,अम्बरीष कुमार,पसमांदा मुस्लिम समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष शाकिर अली मंसूरी,शहर कांग्रेस अध्यक्ष अंकुर मिश्रा,आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष इंजीनियर नीरज प्रताप शाक्य,वसीम जमा खान,जावेद हुसैन समेत बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।


