फर्रुखाबाद | (सिटी पत्रिका 24X7) फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र में एक पत्रकार के साथ दबंगों द्वारा की गई मारपीट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पीड़ित की पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम करीब 5 बजे पत्रकार शानू खान की पत्नी तबस्सुम अपने भाई फिरोज के साथ बड़ा कब्रिस्तान की ओर फकीरों को खाना देने जा रही थीं। तभी भूसा मंडी क्षेत्र में रहने वाले एक युवक ने रास्ते में रोककर गाली-गलौज शुरू कर दी और देखते ही देखते मामला मारपीट में बदल गया। आरोप है कि महिला और उसके भाई को बेरहमी से पीटा गया।
घटना की सूचना मिलते ही शानू खान मौके पर पहुंचे, लेकिन वहां पहले से मौजूद अन्य युवकों ने उन पर हमला बोल दिया। आरोपियों ने बेल्टों से जमकर पिटाई की और तमंचा दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। हमले में पत्रकार गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायल अवस्था में उन्हें तत्काल डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका मेडिकल परीक्षण कराया गया।हैरानी की बात यह रही कि मेडिकल कराने के बाद जब शानू खान घर पहुंचे, तो आरोपी फिर से उनके घर पहुंच गए और दोबारा मारपीट का प्रयास किया। यह पूरी घटना घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



